जीत से बेहद खुश शाहरुख ने मैदान पर सबके सामने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में एमसीए अधिकारियों से दुर्व्यवहार के लिए माफी भी मांगी। अपनी बेटी और पत्नी और दूसरे बच्चों से घिरे शाहरुख ने कहा, 'मैं वानखेड़े में अपने व्यवहार के लिए इन बच्चों से माफी मांगता हूं। मैं उन सभी से माफी मांगता हूं, जिन्होंने मुझे उस दिन कुछ अलग ही रूप में देखा। मुझे वहां उस तरह पेश नहीं आना चाहिए था। लेकिन आज मेरी टीम जीती है और मुझे उम्मीद है कि मेरे सभी फैन्स ने मुझे माफ कर दिया होगा। हम आखिरकार जीत गए हैं।'
मनोज तिवारी ने जैसे ही विनिंग शॉट लगाया शाहरुख दौड़ते हुए मैदान में आ गए। उन्होंने मनोज तिवारी को गले से लगा लिया। शाहरुख से जीत की खुशी संभाले नहीं संभल रही थी। वह अपनी टीम के चैंपियन बनने के हर लम्हे को जी लेना चाहते थे।
टीम की इस जीत से शाहरुख इतने खुश थे कि उन्होंने मैदान पर एक बार फिर कलाबाजियां खाईं। शाहरुख के साथ उनकी बेटी, पत्नी गौरी खान और दूसरे बच्चे भी मैदान पर थे।
शाहरुख ने कॉमेंटेटर्स की एक के बाद सभी फरमाइशें भी पूरी कीं। उन्होंने 'छम्मक छल्लो' पर डांस किया, तो 'ओम शांति ओम' का डायलॉग भी सुनाया। शाहरुख ने केकेआर की जीत के हीरो रहे मानविंदर बिस्ला की भी जमकर तारीफ की।

No comments:
Post a Comment