NATIONAL-POLITICS-INTERNATIONAL-CITY-CRIME-LEGAL-ENTERTAINMENT

Thursday, 24 May 2012

चेन्नै ने मुंबई को हराया, IPL 5

बेंगलुरु।। IPL-5 से मुंबई इंडियंस की छुट्टी हो गई है। एलिमिनेशन राउंड में दो बार के चैंपियन चेन्नै सुपर किंग्स ने कैप्टन धोनी की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस को 38 रन से हरा दिया। चेन्नै ने 5 विकेट पर 187 रन बनाए थे, जवाब में मुंबई इंडियंस 9 विकेट पर 149 रन ही बना पाए। अब दूसरे क्वॉलिफायर में शुक्रवार को चेन्नै सुपरकिंग्स और दिल्ली डेयरडेविल्स का मुकाबला होगा। जीतने वाली टीम फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगी। 20 बॉल में नॉटआउट 51 रन ठोकने वाले धोनी को मैन ऑफ द मैच चुना गया।


चेन्नै के 188 रन के टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के कारण नौ विकेट पर 149 रन ही बना सकी। चेन्नै की ओर से ब्रावो ने 10, जबकि एल्बी मॉर्केल ने 31 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए। मुंबई के लिए स्मिथ ने सबसे अधिक 38 रन बनए।

इससे पहले चेन्नै सुपरकिंग्स ने धोनी (20 बॉल में नॉटआउट 51, छह चौके और दो छक्के) और ब्रावो (14 बॉल में नॉटआउट 33, तीन चौके और दो छक्के) के साथ सिर्फ 4.5 ओवर में छठे विकेट के लिए 73 रन की अटूट साझेदारी करके टीम का स्कोर पांच विकेट पर 187 रन तक पहुंचाया। माइकल हसी (49) और एस बद्रीनाथ (47) ने भी उम्दा पारियां खेलते हुए उस समय 94 रन जोड़े, जब टीम सिर्फ एक रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। धोनी ने तीन कैच भी लपके।

चेन्नै की टीम एक समय नौ ओवर में दो विकेट पर सिर्फ 47 रन बनाकर जूझ रही थी, लेकिन अंतिम 11 ओवर में उसने 140 रन बटोरे। इस जीत के साथ चेन्नै ने 25 मई को होने वाले दूसरे क्वॉलिफायर में जगह बना ली है। उसका सामना दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा और इस मैच का विजेता 27 मई को होने वाले फाइनल में कोलकाता नाइट राइडर्स से भिड़ेगा।

स्मिथ और सचिन तेंडुलकर (11) ने पांच ओवर में 47 रन जोड़कर एक बार फिर मुंबई को तूफानी शुरुआत दिलाई, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद मुंबई ने लगतार विकेट गंवाए। स्मिथ ने शादाब जकाती पर चौके के साथ खाता खोलने के बाद बेन हिल्फेनहॉस पर चौका और छक्का जड़ा। उन्होंने स्मिथ के अगले ओवर में भी दो चौके और एक छक्का मारा।

तेंडुलकर ने जकाती पर दो चौके मारे, लेकिन वह स्मिथ के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हो गए। तेंडुलकर ने जकाती की गेंद पर कट शॉट खेला, लेकिन रविंद्र जडेजा ने बैकवर्ड पॉइंट पर शानदार फील्डिंग करते हुए उनका शॉट रोक दिया। स्मिथ इस बीच रन के लिए दौड़ पड़े, लेकिन तेंडुलकर क्रीज पर खड़े रहे। तेंडुलकर ने हालांकि स्मिथ को अच्छी फार्म में देखते हुए अपना विकेट कुर्बान करने का फैसला किया और अपनी क्रीज से बाहर आ गए।

स्मिथ भी इसके बाद अधिक देर नहीं टिक पाए और जकाती की गेंद पर पॉइंट में जडेजा को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 22 गेंद का सामना करते हुए पांच चौके और दो छक्के मारे।

मॉर्केल ने दिनेश कार्तिक (06) और रोहित शर्मा (14) को लगातार ओवरों में विकेटकीपर कैप्टन धोनी के हाथों कैच कराके मुंबई की राह बेहद मुश्किल कर दी। इस समय टीम का स्कोर 10.1 ओवर में चार विकेट पर 77 रन था। अश्विन ने इसके बाद रायडू (11) को डीप मिडविकेट पर मुरली विजय के हाथों कैच कराया, जबकि ब्रावो ने जेम्स फ्रैंकलिन (13) की पारी का अंत किया।

मुंबई को अंतिम छह ओवर में 85 रन की दरकार थी और उसके लिए यह लक्ष्य पहाड़ जैसा साबित हुआ। सुरेश रैना ने हिल्फेनहॉस की बॉल पर हरभजन सिंह (01) का शानदार कैच लपका। ब्रावो ने इसके बाद पोलर्ड (16) को आउट कर दिया।

No comments:

Post a Comment