नगरा (बलिया) : क्षेत्र के नरहीं (मझौवां) गांव में शुक्रवार की सुबह महाविद्यालय की जमीन पर मनरेगा से जबरन रास्ता निर्माण कराए जाने को लेकर महाविद्यालय प्रशासन व ग्रामीण आमने-सामने हो गए। मामला बिगड़ते देख विद्यालय प्रशासन की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को भी महिलाओं के गुस्से का शिकार होना पड़ा। महिलाएं पुलिस पर ईट पत्थर भी चलाईं। स्थिति बिगड़ने की खबर पाकर भारी फोर्स के साथ पहुंचे क्षेत्राधिकारी सूरत सिंह चौहान ने महिलाओं को समझा बुझाकर हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्राधिकारी के निर्देश पर बगैर पैमाइश के हो रहे निर्माण कार्य को रोक दिया गया। हुआ यूं कि विगत कई दिनों से मनरेगा द्वारा रास्ते का निर्माण कराया जा रहा है। शुक्रवार को जब मार्ग निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो महाविद्यालय के लोग जमीन को महाविद्यालय की बता कर उसे रोकने पहुंचे। यह देख गांव की महिलाओं ने प्रतिरोध करना शुरू का दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जिस भूमि में मार्ग निर्माण कराया जा रहा है व काश्तकारों की है। पुरुष व महिलाएं मारपीट पर उतारू हो गईं। पुलिस के पहुंचने पर महिलाओं ने ईट पत्थर चलाना शुरू कर दिया जिससे पुलिस कर्मी भाग खड़े हुए। नगरा-भीमुपरा व उभांव थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी ने समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। एसडीएम व सीओ के निर्देश पर जमीन की पैमाइश शनिवार को होगी।
No comments:
Post a Comment